राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल में कक्षा 11वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु कार्यक्रम जारी किया है जिसके तहत स्थानीय स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल विद्यालय, ब्लाक सोजत में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित सत्र 2023–24 में कक्षा 11 के लिए नवीन प्रवेश एवं रिक्त सीटों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह लखावत ने बताया की जिला स्तर पर गठित प्रवेश समिति द्वारा प्रवेश प्रक्रिया करवाई जाएगी जिसमें रिक्त सीटों पर पात्र आवेदकों से प्रवेश हेतु 22 जून तक आवेदन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि है। प्रथम सूची का प्रकाशन 26 जून को किया जाएगा। विद्यालय के विज्ञान संकाय में भौतिक विज्ञान रसायन विज्ञान व अंग्रेजी विषय अनिवार्य तथा जीव विज्ञान या गणित में से एक ऐच्छिक विषय के रूप में चयन करना होगा। इसके अलावा फिजिकल एजुकेशन व आईपी विषय में से एक विषय का चयन करना होगा। इसके लिए विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल से दसवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए प्रतिशत की बाध्यता नहीं है।
दिनांक 26 जून को चयनित आवेदकों की सूची जारी की जाएगी तथा 30 जून को चयनित आवेदकों से समस्त वांछित दस्तावेज प्राप्त कर प्रवेश दिया जाएगा। समय पर दस्तावेजों का सत्यापन नहीं करवाने पर उन सीटों के विरुद्ध आरक्षित सूची में से नवीन सूची जारी की जाएगी। प्रवेश प्रभारी श्री श्रवण कुमार सुथार व्याख्याता जीव विज्ञान ने बताया कि मॉडल विद्यालय में प्रवेश हेतु प्रवेश नीति में संशोधन के अनुसार सबसे पहले ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्राथमिकता से प्रवेश देने एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रवेश देने के बाद कक्षाओं में सीट रिक्त रहने पर ही शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।